छुट्टा पशुओं ने ठंड में भी किसानों के छुड़ा दिए पसीने
मिल्कीपुर अयोध्या। जिले के मिल्कीपुर क्षेत्र के आस-पास के गांवों में छुट्टा पशु किसानों की फसलों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। अपनी फसलों को बचाने के लिए किसानों को ठंड में भी पसीने छूटने लगे हैं। रबी के मौसम में गेहूं, सरसों, मटर व सब्जी की फसल को सुरक्षित रखने के लिए किसान कहीं बाड़ बना कर तो कहीं मचान बना कर रह रहे हैं।
इसके बावजूद भी छुट्टा पशु फसलों को बर्बाद कर दे रहे हैं। क्षेत्र के इनायतनगर पुरे गंगा दुबे निवासी राजेंद्र दुबे का कहना है कि फसलों की सुरक्षा के लिए अपनाए गए सारे उपाय नाकाम साबित हो रहे हैं।
अब फसलों की सुरक्षा राम भरोसे है। घटौली निवासी किसान उमानाथ पांडेय, अंकित पाण्डेय,रामअचल तिवारी, सुनील तिवारी, रामकिशोर तिवारी,रामकल्प तिवारी का कहना है कि किसानों की समस्याओं को कोई सुनने वाला नहीं है। पहले नीलगाय, जंगली सुअर जैसे जंगली जानवर ही फसल नुकसान करते थे अब तो रात को खेतों में छुट्टा पशुओं का झुंड आता है और खड़ी फसल को पैरों से रौंदकर व खाकर चले जाते हैं। उनका कहना है कि यह समस्या एक दो दिन नहीं बल्कि कई महीनों से है।