रुदौली। रामनगर कॉलोनी में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के पांचवें दिन कथा व्यास स्वामी श्री वेंकट देशाचारी ने भगवान कृष्ण की लीलाओं का वर्णन किया। उन्होंने अपनी मधुरवाणी में भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्र मुग्ध कर दिया।
पांडाल में मौजूद महिला पुरुष श्रोता देर तक भाव विभोर होकर मनोहारी भजनों पर झूमते नाचते रहे। कथा व्यास ने कहा कि इस कलयुग में श्रीमद् भागवत का ज्ञान मानव जीवन का आधार है, मनुष्य को सांसारिक जीवन से पार पाने के लिए जब भी अवसर मिले श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करना चाहिए और भागवत की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
कथा व्यास स्वामी श्री वेंकट ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी लीलाओं से जहां कंस के भेजे विभिन्न राक्षसों का संहार किया, वहीं ब्रज के लोगों को आनंद प्रदान किया। इंद्र को अपनी सत्ता और शक्ति पर घमंड हो गया था। उसका घमंड दूर करने के लिए कृष्ण भगवान ने ब्रज मंडल में इंद्र की पूजा बंद कर गोवर्धन की पूजा शुरू करा दी।
इससे गुस्साए इंद्र ने ब्रज मंडल पर भारी बरसात कराई। प्रलय से लोगों को बचाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने कनिष्ठा उंगली पर गोवर्धन पर्वत को उठा लिया। सात दिनों के बाद इंद्रदेव को अपनी भूल का एहसास हुआ।
इस अवसर पर भाजपा नेता आशीष शर्मा, पंकज शर्मा, राजेश मिश्रा, विजय तिवारी, आकाश शर्मा, भोला नाथ शर्मा, सुशांत मिश्रा , अतुल पाण्डेय, राजन मिश्रा, मातादीन गुप्ता, विनोद मिश्रा साकेत मिश्रा इत्यादि लोग उपस्थित रहे