



समिति ने की सुरक्षा की समीक्षा,बढाई गई दर्शन अवधि
अयोध्या। चैत्र रामनवमी मेले के पूर्व बुधवार को श्रीराम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा के लिये गठित स्थाई सुरक्षा समन्वय समिति की बैठक हुई और मेले को लेकर रामजन्मभूमि दर्शन अवधि कुल तीन घंटे बढाई गई है।
बुधवार को अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा की अध्यक्षता में बैठक के पूर्व स्थाई सुरक्षा समन्वय समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने परिसर का पैदल भ्रमण कर जायजा लिया। वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्य को देखा और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके साथ ही सुरक्षा में तैनात अधिकरियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि परिसर स्थित मांस भवन के कक्ष में स्थाई सुरक्षा समन्वय समिति ने बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा लंबित कर भावी योजनाओं पर चर्चा की।
चर्चा है कि मेले के दौरान सभी को सर्वसुलभ दर्शन उपलब्ध कराने के लिये स्थाई सुरक्षा समन्वय समिति के पदाधिकारियों ने श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों से भी मंत्रणा की। बैठक मेंअपर निदेशक आसूचना ब्यूरो लखनऊ, महानिरीक्षक सीआरपीएफ मध्य सेक्टर लखनऊ, पुलिस महानिरीक्षक पीएसी मध्य जोन लखनऊ, मण्डलायुक्त अयोध्या, पुलिस महानिरीक्षक परिक्षेत्र अयोध्या, जिलाधिकारी अयोध्या,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या के साथ गृह विभाग उप्र शासन, सचिव, .श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट आदि के प्रतिनिधि,मौजूद रहे।
उधर रामनवमी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या और सहूलियत को लेकर जिला प्रशासन ने रामलला की दर्शन अवधि में तीन घंटे की बढ़ोत्तरी का निर्णय लिया है। यह बढ़ोत्तरी मेला शुरू होने के बाद लागू होगी। श्रद्धालु सुविधा और सहूलियत के साथ दर्शन कर सकें इसके लिए दर्शन अवधि सुबह की पाली में 7 बजे के बजाय 6 बजे दर्शन शुरू होगा और 11 के बजाय 11.30 बजे तक चलेगा। वहीं दूसरी पाली में दर्शन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे के बजाय 7.30 बजे तक होगा। इस प्रकार दोनों पालियों में मिलाकर तीन घंटे अवधि बढ़ी है।
ADVERTISEMENT
Related
Advertisements
