



लखनऊ । इस बार रैली, सभाएं आदि पर पाबंदी होने के चलते सभी दलों ने इंटरनेट मीडिया पर वार तेज कर दिया है। फेसबुक, वाट्वसएप और इंस्टाग्राम पर प्रचार कर रहे हैं। प्रत्याशियों ने वाट्सएप ग्रुप बना लिया है। इसमें नए तरीके निकाले गए हैं, जिससे अधिक लोगों तक संदेश पहुंच जाता है। प्रत्याशी के द्वारा इसके लिए आईटी कंपनी की भी मदद ली गई है।चुनाव मैदान में भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा समेत कई दल मैदान में हैं। कोरोना को देखते हुए इस बार रैली, सभाएं आदि पर रोक है। अब 30 जनवरी तक रोक बढ़ा दी गई है। अलीगढ़ में प्रथम चरण में चुनाव है, इसलिए प्रत्याशियों के लिए सबसे अधिक चिंता है, वो अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं। रैली और सभाओं से पहले माहौल बन जाया करता था। हजारों लोग पहुंचते थे, साथ ही प्रचार भी खूब हुआ करता था, मगर अब सिर्फ इंटरनेट मीडिया का ही सहारा है। ऐसे में सभी दलों के प्रत्याशियों ने सबसे पहले वाट्सग्रुप बनाया है। प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र के अनुसार ग्रुप बनाए हैं।एक विधानसभा क्षेत्र के करीब 10-10 ग्रुप बने हुए हैं।एक-एक ग्रुप में 250-250 लोगों को जोड़ा गया है। इससे एक हजार से भी अधिक लोग जुड़े हुए हैं। प्रत्याशी के संदेशों को तुरंत लोगों तक पहुंचाया जाता है। प्रत्याशी के संपर्क की सूचना प्रतिदिन फ्लैश की जाती है। सुबह के समय किन-किन क्षेत्रों में जाएंगे यह ग्रुप के माध्यम से बताया जाता है। साथ ही दोपहर में क्या कार्यक्रम है, रात में किन-किन स्थानों पर संपर्क है, बैठक और मुलाकात आदि के बारे में सूचनाएं रहती हैं। इससे लोगों को घर बैठे ही सूचनाएं मिल जाती है। जिले में सात विधानसभा क्षेत्र हैं। मैदान में 61 प्रत्याशी हैं। इनमें से अधिकांश प्रत्याशियों ने वाट्सग्रुप बनाया है। इसके अलावा फेसबुक पर भी धुआंधार प्रचार किया जा रहा है। इसपर भी प्रचार की फोटो और संपर्क आदि डाला जाता है। इससे अधिक से अधिक लोगों तक प्रत्याशी अपनी बात पहुंचा रहे हैं। तमाम लोग वीडियो भी डाल रहे हैं, वह अपने मतदाताओं से मतदान के लिए अपील कर रहे हैं। पार्टी की नीतियों से अवगत करा रहे हैं। साथ ही अपनी आगामी योजनाओं के बारे में बता रहे हैं।
Related
